
हैदराबाद। भारत ने पहलगाम आतंकी हमले के बाद ऑपरेशन सिंदूर के जरिए पाकिस्तान को कड़ा सबक सिखाया है। भारत ने पाकिस्तान के सीने पर वार करके बता दिया है कि अगली बार आतंकी घटना होने पर क्या अंजाम होगा। इसके साथ ही भारत ने और मजबूत तैयारियों की शुरुआत कर दी है। पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत के ऑपरेशन सिंदूर में ब्रह्मोस और आकाश मिसाइट सटीकी साबित हुई है। पाकिस्तान के बढ़े तनाव को देखते हुए भारत सरकार इन मिसाइल उत्पादन में तेजी ला रही है। हैदराबाद में निर्माता ब्रह्मोस और आकाश जैसी मिसाइलों के लिए महत्त्वपूर्ण प्रणालियों को जल्दी से जल्दी वितरित करने के लिए काम कर रहे हैं। रक्षा मंत्रालय ड्रोन और ड्रोन रोधी तकनीक कंपनियों के साथ मिलकर अपनी क्षमताओं को बढ़ाने की कोशिश कर रहा है। कमांडरों के पास कमजोरियों, खास तौर पर हवाई खतरों से निपटने के लिए खरीद अधिकार हैं।
पीएम मोदी ने राष्ट्र को संबोधित करते हुए कहा था कि ऑपरेशन सिंदूर स्थगित हुआ है, खत्म नहीं। भारत सरकार ने ब्रह्मोस और आकाश जैसी मिसाइलों के लिए महत्त्वपूर्ण सिस्टम और सबसिस्टम के निर्माताओं से कहा है कि वे ऑपरेशन सिंदूर के बाद पाकिस्तान के साथ सीमा पर असहज शांति के बावजूद उत्पादन में तेजी लाएं। भारत की मिसाइल राजधानी हैदराबाद में स्थित रक्षा निर्माताओं का कहना है कि प्रमुख सार्वजनिक और निजी क्षेत्र के आपूर्तिकर्ताओं से मिसाइल भंडार को बढ़ाने के लिए डिलीवरी में तेजी लाने के लिए कहा गया है। हैदराबाद में डीआरडीओ, भारत डायनेमिक्स (बीडीएल), भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड (बीईएल), अदानी एल्बिट एडवांस्ड सिस्टम्स, कल्याणी राफेल एडवांस्ड सिस्टम्स (केआरएएस), एमटीएआर टेक्नोलॉजीज, एस्ट्रा माइक्रोवेव, अनंत टेक्नोलॉजीज, रघु वामसी, जेन टेक्नोलॉजीज, एसईसी इंडस्ट्रीज जैसे कई सार्वजनिक और निजी क्षेत्र के प्रतिष्ठान हैं।
भारत बढ़ाएगा अपनी ताकत : आकाश और ब्रह्मोस के लिए महत्त्वपूर्ण उप-प्रणालियों की आपूर्ति करने वाली हैदराबाद की एक कंपनी के प्रोमोटर ने कहा कि हमें डिलीवरी में तेजी लाने के लिए वीकेंड में भी काम करने के लिए कहा गया है। हमारे पास रक्षा मंत्रालय से मिसाइलों के लिए एक बड़ा आपातकालीन खरीद आदेश था, लेकिन संघर्ष शुरू होने के बाद सरकार लगातार संपर्क में है। वीकेंड के आधार पर डिलीवरी के लिए कह रही है। रक्षा मंत्रालय के अधिकारी सभी ड्रोन और एंटी-ड्रोन तकनीक कंपनियों के संपर्क में हैं। ड्रोन तकनीक कंपनी के संस्थापक ने कहा कि वे क्षमताओं को बढ़ाने के लिए सभी कंपनियों के साथ काम कर रहे हैं। सभी कमांडरों को उपकरण खरीदने के अधिकार दिए गए हैं। अगले दो से तीन महीनों में हमें बड़े पैमाने पर ऑर्डर मिलने की उम्मीद है।

इस्लामाबाद। पाकिस्तान की सरकार ने भारत के हमलों में मारे गए लोगों के परिजनों को एक करोड़ रुपए की सहायता राशि देने का ऐलान किया है। उसकी इस स्कीम का सबसे बड़ा फायदा खूंखार आतंकी अजहर मसूद को ही मिलता दिख रहा है। अजहर मसूद के आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद के बहावलपुर स्थित मुख्यालय पर भारत ने एयर स्ट्राइक की थी। इन हवाई हमलों में जैश के मुख्यालय को जबरदस्त नुकसान पहुंचा। इसके अलावा उसके परिवार के ही 10 लोग मारे गए थे। चार अन्य लोग उसके करीबी थे, जो मारे गए। अब इन सभी लोगों की एवज में 14 करोड़ रुपए अजहर मसूद और उसके करीबियों के परिवारों के खाते में जाएंगे। इस तरह पाकिस्तान सरकार की ओर से मदद के नाम पर जारी रकम सीधे तौर पर आतंकियों और उनके परिवारों को मदद देगी। पाकिस्तान पीएमओ की ओर से जारी प्रेस रिलीज में एक करोड़ रुपए की सहायता राशि का ऐलान हुआ था।
अब मदद के नाम पर जारी इस रकम का सीधा फायदा मसूद अजहर को ही मिलेगा। ऑपरेशन सिंदूर के तहत भारत ने हाफिज सईद के मुरीदके स्थित ठिकाने और फिर बहावलपुर में जैश के ठिकानों पर जोरदार हमले किए थे। पाकिस्तान सरकार ने भारतीय हवाई हमलों में तबाह हुए लश्कर-ए-तोएबा और जैश-ए-मोहम्मद के मुख्यालयों के पुनर्निर्माण का भी वादा किया है। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री कार्यालय की प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार पीएम शहबाज शरीफ ने इसे मारका-ए-हक अभियान का हिस्सा बताया है और मारे गए लोगों और सुरक्षाबलों के लिए व्यापक मुआवजा योजना की घोषणा की है। शहबाज सरकार ने अलग-अलग कैटेगरी में मुआवजा तय किया है।

रियाद। अमरीका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बुधवार को सऊदी अरब की राजधानी रियाद में सीरिया के अंतरिम राष्ट्रपति अहमद अल-शरा से मुलाकात की। यह अपने आप में एक ऐतिहासिक मुलाकात है। यह मुलाकात इसलिए खास है, क्योंकि पिछले साल तक अल-शरा अमरीका की आतंकवादी लिस्ट में शामिल थे, लेकिन अब समीकरण तेजी से बदल रहे हैं। अमरीका और सीरिया के नेताओं के बीच 25 साल बाद यह पहली मुलाकात है। इससे पहले 2000 में, सीरिया के तब के राष्ट्रपति हाफिज अल असद ने जेनेवा में तत्कालीन अमरीकी राष्ट्रपति बिल क्लिंटन से मुलाकात की थी। यहां एक दिलचस्प बात ये भी है कि इस बैठक में ट्रंप ने अल-शरा से अब्राहम समझौते पर हस्ताक्षर करने और इजरायल को मान्यता देने का आग्रह किया, जो मध्य पूर्व में शांति और सहयोग को बढ़ावा देने वाला एक महत्त्वपूर्ण कदम हो सकता है।
ट्रंप ने खाड़ी सहयोग परिषद (जीसीसी) के नेताओं के साथ हुई बैठक के इतर शरा से मुलाकात की। यह मुलाकात सीरिया के लिए एक बड़े घटनाक्रम का प्रतीक है, जो असद परिवार के 50 साल से अधिक समय के कठोर शासन के बाद उबरने की कोशिश कर रहा है। इसके अलावा ट्रंप ने सीरिया से सारे प्रतिबंध हटाने की घोषणा कर दी है। सीरिया पर से प्रतिबंध हटाने की ट्रंप की घोषणा के बाद देश में जश्न का माहौल है। यह खबर मिलने के बाद राजधानी दमिश्क में लोगों ने रात के समय आतिशबाजी करके अपनी खुशी जाहिर की। उधर, राष्ट्रपति ट्रंप अपने दूसरे कार्यकाल के पहले विदेशी दौरे के तहत सऊदी अरब के बाद कतर पहुंचे। कतर के अमीर शेख तमीम बिन हमद अल थानी, ट्रंप कड्ड हमद इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर रिसीव करने पहुंचे थे। इसके बाद उनका लाल साइबर ट्रक और ऊंटों से स्वागत हुआ।

नई दिल्ली। भारत ने छोटे ड्रोनों के झुंड को एक साथ नष्ट करने के लिए एक ऐसा सिस्टम तैयार कर लिया है, जो इनसे निपटने का एक सस्ता और प्रभावी तरीका है। भारत की तरफ से सोलर डिफेंस एंड एयरोस्पेस लिमिटेड (एसडीएएल) ने हार्ड किल मोड में डिजाइन किया गया एक नया कम लागत वाला काउंटर-ड्रोन सिस्टम भार्गवास्त्र विकसित किया गया है। अत्याधुनिक हाइपरसोनिक मिसाइल सिस्टम भार्गवास्त्र आवाज की स्पीड से पांच गुना तेज उड़ान भरने में सक्षम है और अत्यधिक सटीकता के साथ लक्ष्य को भेद सकता है। काउंटर-ड्रोन सिस्टम में इस्तेमाल किए गए माइक्रो रॉकेटों का गोपालपुर के सीवर्ड फायरिंग रेंज में कठोर परीक्षण किया गया। यह परीक्षण पूरी तरह सफल रहा। बता दें कि भार्गवास्त्र 2.5 किलोमीटर तक की दूरी तक आने वाले छोटे ड्रोन का पता लगाने और उन्हें नष्ट करने में सक्षम है। इसमें लगा माइक्रो रॉकेट 20 मीटर तक की घातक त्रिज्या वाले ड्रोन के झुंड को बेअसर कर सकता है, जबकि इसकी दूसरी परत में लगी माइक्रो मिसाइल प्वाइंट सटीकता के लिए है।

इंदौर। कर्नल सोफिया कुरैशी के संबंध में आपत्तिजनक बयान देने के चलते राज्य उच्च न्यायालय के आदेश के परिप्रेक्ष्य में बुधवार रात आदिम जाति कल्याण मंत्री विजय शाह के खिलाफ इंदौर जिले के मानपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई। इस मामले में कल भी उच्च न्यायालय में सुनवायी होने की संभावना है। पुलिस की ओर से बुधवार की देर रात एक विज्ञप्ति जारी कर कहा गया है कि मानपुर थाने के अधीन आने वाले रायकुंडा गांव में आयोजित एक कार्यक्रम में मंत्री विजय शाह ने आमसभा को संबोधित किया था।
उनके संबोधन के कुछ अंश मीडिया में वायरल हुए। राज्य उच्च न्यायालय ने इसका स्वत: संज्ञान लेते हुए आज ही इस मामले में प्राथमिकी दर्ज करने के आदेश दिए थे। इसी के परिपालन में मानपुर थाने में देर रात विजय शाह के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 152, 196(1)(ख) और 197(1)(ग) के तहत प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज की गयी है। इसके पहले जबलपुर में राज्य उच्च न्यायालय के न्यायाधीश अतुल श्रीधरन और न्यायाधीश अनुराधा शुक्ला की पीठ ने इस मामले में मीडिया में आई खबरों पर स्वत: संज्ञान लेते हुए राज्य के महाधिवक्ता प्रशांत सिंह को आज ही प्राथमिकी दर्ज करने के आदेश दिए। अदालत ने महाधिवक्ता से कहा कि इस आदेश के संबंध में तत्काल राज्य के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) को अवगत कराया जाए और इसका क्रियान्वयन नहीं होने पर इस मामले में अवमानना संबंधी कार्यवाही भी की जा सकती है। अदालत ने मंत्री विजय शाह के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 152, 196(1)(बी) और 197(1)(सी) के तहत प्राथमिकी दर्ज करने के आदेश दिए हैं। ये धाराएं देश की संप्रभुता, एकता और अखंडता को खतरा पहुंचाने जैसे कृत्यों से संबंधित हैं। अदालत के इस महत्वपूर्ण आदेश के बाद मंत्री विजय शाह की मुश्किलें बढ़ गयी प्रतीत होती हैं, लेकिन फिलहाल आज रात उन्होंने त्यागपत्र नहीं दिया है।
माना जा रहा है कि इस संबंध में अदालत की गुरुवार की कार्यवाही पर भी सबकी नजर रहेगी। मंगलवार से उनका एक वीडियो वायरल हो रहा है, जो इंदौर जिले के महू विधानसभा क्षेत्र में आयोजित एक कार्यक्रम का है। उसमें वे सार्वजनिक मंच से संबोधन दे रहे हैं और इस अवसर पर एक महिला नेता समेत अनेक लोग मौजूद रहे। मंत्री शाह कहते हुए सुने जा रहे हैं,…..जिन्होंने हमारी बेटियों के सिंदूर उजाड़े थे…हमने उन्हीं की बहन भेजकर….। मंत्री शाह इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर काफी ट्रोल हुए। इस मामले को भारतीय जनता पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व ने संज्ञान में लेने के साथ ही प्रदेश भाजपा इकाई ने मंत्री की जमकर क्लास लगाई। मंत्री ने अपने बयान के दौरान कुछ असंसदीय शब्दों का भी उपयोग किया। इस घटनाक्रम के बाद मंत्री ने माफी भी मांगी, लेकिन मीडिया के सामने माफी मांगने संबंधी बयान के बाद उनका हंसते हुए वीडियो भी वायरल हो गया। यह वीडियो भी मंत्री की किरकिरी का कारण बन गया।

मेक्सिको सिटी। मेक्सिको के मध्य-पूर्वी राज्य पुएब्ला में राजमार्ग दुर्घटना में कम से कम 21 लोगों की मौत हो गई। स्थानीय अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी। पुएब्ला के आंतरिक मंत्री सैमुअल एगुइलर ने सोशल प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि यह हादसा तीन वाहनों से जुड़ा हुआ है और इसके कारण कई अन्य लोगों को चोटें आई हैं, जिनका इलाज किया जा रहा है। दुर्घटना बुधवार सुबह कुआकनोपालन-ओक्साका राजमार्ग के किलोमीटर 31 पर हुई। घटनास्थल पर एम्बुलेंस और अन्य आपातकालीन सेवाएं काम कर रही हैं। स्थानीय मीडिया ने बताया कि घातक टक्कर उस समय हुई, जब एक ट्रक ने विपरीत लेन में जाने से पहले एक अन्य वाहन को ओवरटेक करने का प्रयास किया और फिर एक बस को टक्कर मार दी, फिर एक परिवहन वैन से टकरा गया।

नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने विराट कोहली और रोहित शर्मा के ए प्लस ग्रेड कॉन्ट्रैक्ट को जारी रखने का फैसला किया है, भले ही वे टेस्ट और टी-20 क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं। पिछले महीने बीसीसीआई ने सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट की घोषणा की थी। इसमें दोनों खिलाड़ी ग्रेड ए प्लस में थे। बीसीसीआई के सेके्रटरी देवजीत सैकिया ने कहा कि कोहली और रोहित का ग्रेड ए प्लस कॉन्ट्रैक्ट उनके टी-20 और टेस्ट क्रिकेट से संन्यास के बाद भी जारी रहेगा। वे अभी भी भारतीय क्रिकेट का हिस्सा हैं और उन्हें ग्रेड ए प्लस में मिलने वाली सभी सुविधाएं मिलती रहेंगी।
बता दें पांच दिन के अंदर रोहित शर्मा और विराट कोहली ने टेस्ट क्रिकेट को अलविदा कह दिया था। रोहित ने सात और कोहली ने 12 मई को टेस्ट से संन्यास लिया था। वहीं, दोनों ने 2024 टी-20 वल्र्ड कप जीतने के बाद क्रिकेट के सबसे छोटे फॉर्मेट से संन्यास ले लिया था।
ग्रेड ए -प्लस में चार खिलाड़ी शामिल : बीसीसीआई ने 21 अप्रैल को सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट की घोषणा की थी। ग्रेड ए प्लस में कोहली और रोहित के अलावा जसप्रीत बुमराह और रविंद्र जडेजा हैं। बीसीसीआई ग्रेड ए प्लस में हर खिलाड़ी को सलाना सात करोड़ रुपए देती है।
आंख खोलकर देखो दरिंदों
दुर्दिन तेरा आ गया ,
बहुत हंसे थे उस दिन,
मातम,आज तेरे घर छा गया ।
कमजोर मान सिंदूर को मेरे
तुमने गोलियों से भून डाला,
आज वही सिंदूर की ताकत
तुम सबको नर्क में दे डाला ।
बचा नहीं कोई तेरे घर में
अंतिम संस्कार भी कर पाए,
फिरते थे बड़े लिए कलेजा
देख आज तुम (सब )थर्राए ।
अपनी ही करतूत के कारण
आज अपनी जान गंवा बैठे,
हल्के में समझे थे हमको
हमरी सिंदूर मिटा बैठे ??
कल तक उछल रहे थे तुम सब
आज कहां तुम गुम हो गए ,
जाकर छुपे चूहे के बील में
होंठ भी तेरे सिल से गए ।
समझाया था बहुत तुझे पर
बात समझ ना पाए तुम,
झूठे शेर की खाल पहन
हमसे टकराने आए थे तुम ?
देखो अपनी आंख खोल
क्या हश्र किया हमने तेरा,
तेरे ही घर में घुस कर तेरे
तेरी बुनियाद मिटा डाला ।
अभी तो थोड़ा किया है हमने
ज्यादा करना तो बाकी है,
नामो निशां मिटाएंगे तेरा
तब समझोगे हम क्या हैं ।
जो भी बचे हो निकलो घर से
आ जाओ मैदान में,
हम ललकार रहे हैं तुझ को
आओ “सिंदुर” के संग्राम में ।
“सिंदूर” का पूरा लेंगे बदला
युद्ध के मैदान में’
आ जाओ तुम सुनो भेड़ियों
“सिंदूर “के संग्राम में ।
कहीं भी छुप लो ढूंढ ही लेंगे
हम इतने बलशाली हैं,
चीरेंगे तेरा सीना हम
देश पे मिटने वाले हैं ।
वीर सपूत हैं देश के हम सब
तुम्हरे जैसे ना कायर हैं ,
करते हैं हम वार सामने
चाहे जितने हम घायल हैं ।
आज भी वार किया तेरे आगे
पीछे से ना किया कभी,
हमरी करनी देख जगत के
आनंदित हैं लोग सभी” । ।
डॉo संजुला सिंह “संजू”
जमशेदपुर (झारखंड )

जयपुर। राजस्थान की राजधानी जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम को बम से उड़ाने की लगातार धमकी मिल रही हैं और गुरुवार को मिले ई मेल में मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा की हत्या करने की धमकी दी गई। राजस्थान खेल परिषद कार्यालय के आधिकारिक ईमेल आईडी पर आए ईमेल में लिखा है कि दुष्कर्म पीड़िता के मामले में कुछ नहीं किया गया तो भजन लाल शर्मा और खेल परिषद के अध्यक्ष नीरज के पवन की हत्या कर शव के टुकड़े कर काले सूटकेस में पैक कर देगें।
खेल परिषद कार्यालय में एसएमएस स्टेडियम को बम से उड़ाने का धमकी भरा ईमेल पिछले आठ दिनों से कई बार आ चुका है और गत आठ, 12, 13 एवं 14 मई को भी धमकी भरा ईमेल मिला, जिसमें बुधवार को एक दिन में दो बार धमकी भरा ईमेल मिला। उल्लेखनीय है कि एसएमएस स्टेडियम में 18 मई को आईपीएल टी-20 का क्रिकेट मैच होना है।

हरदोई। उत्तर प्रदेश में हरदोई जिले के संडीला क्षेत्र में गुरुवार सुबह ट्रक की चपेट में आकर आटो रिक्शा सवार छह लोगों की मृत्यु हो गई जबकि तीन अन्य गंभीर रुप से घायल हो गए। पुलिस सूत्रों ने बताया कि कासिमपुर के ग्राम औरामऊ के रहने वाले रंजीत सीएनजी आटो चलाते थे। गुरुवार की सुबह रंजीत कासिमपुर से सवारियां लेकर संडीला जा रहे थे। ऑटो में 10 सवारियां थीं। रास्ते में संडीला-बांगरमऊ मार्ग पर हरदलमऊ गांव के पास सामने से आ तेज़ रफ़्तार ट्रक से भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि आटो के कई बार पलटने के बाद उसके परखच्चे उड़ गए।
इस हादसे में आटो चालक रंजीत के अलावा कासिमपुर के ग्राम मल्हनखेड़ा के अरविंद, कछौना के ग्राम बहदिन के अंकित, उन्नाव के बेहटा मुजावर की फूलजहां समेत छह लोगों की मौत हो गई। तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद चालक ट्रक लेकर फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस से संडीला सीएचसी में भर्ती कराया। वहीं ऑटो में क्षमता से अधिक सवारियां थी। रफ्तार अधिक होने के सामने से ट्रक आता देखकर चालक संतुलन खो बैठा, आमने-सामने भिड़ंत होने से बड़ा हादसा हो गया।
सीओ संडीला सत्येंद्र सिंह ने बताया कि किस वाहन से हादसा हुआ है। चार मृतकों की पहचान होने पर घरवालों को जानकारी दी है। जबकि दो व्यक्तियों की पहचान का प्रयास किया जा रहा है।