शिव हम भी शरणागत हैं
स्वीकार करो तो जाने,
बाबा हम हैं बड़े बेसहारे
हमें दो सहारे तो जाने।
मेरा कोई नहीं है जग में
तुम हाथ पकड़ लो तो जाने
मैं हूं निर्बल मेरे भोले
तुम सबल करो तो जाने।
शिव हम भी शरणागत——
मैं हार गई जीवन से
तुम जीत दिलाओ तो जाने
सबने छला मुझको बाबा
उसे सबक सिखाओ तो जाने ।
शिव हम भी शरणागत—–
मैं पतित बहुत हूं शंभू
पावन कर दो तो जाने
मैं भटक गई हूं राहें
मंजिल को दिलाओ तो जाने ।
शिव हम भी शरणागत——
सबने है मुझे ठुकराया
तुम उर से लगाओ तो जाने
मेरे उर में बहुत है अंधेरा
उजियारा करो तो जाने ।
शिव हम भी शरणागत——
विश्वास छला मेरा सबने
तुम करो यकीं तो जाने
हर रिश्ते ने है लूटा
तुम साथ निभाओ तो जाने।
शिव हम भी शरणागत——-
मेरी सोई किस्मत भोले
तुम उसे जगा दो तो जानें
मेरी खोई हुई प्रतिष्ठा
तुम लौटा दो तो जानें ।
शिव हम भी शरणागत——
मेरा कोई नहीं है जग में
तुम अपना लो तो जाने
याचक बन संजू भी आई
मनवांछित वर दो तो जानें ।
शिव हम भी शरणागत——
इस झूठे जग में कृपालु
पहचान दिलाओ तो जाने
शिव हम भी शरणागत हैं
स्वीकार करो तो जानें ॥ “
डॉ० संजुला सिंह “संजू”
जमशेदपुर (झारखंड )


सभी प्रत्याशी अपने चुनावी गुणा भाग में लगे
प्रत्याशी और समर्थक लाव लश्कर के साथ अपनी अपनी दावेदारी कर रहे पेश
लखनऊ 25 जुलाई ।अवध बार एसोसिएशन हाई कोर्ट लखनऊ का चुनाव प्रचार पूरे चरम पर है मतदान को केवल 3 दिन और शेष है सभी पदों के प्रत्याशी व उनके समर्थक अपनों को अपने पाली में खींचने की पुरजोर कोशिश में लगे हैं ।बताते चलें कि अवध बार एसोसिएशन हाई कोर्ट लखनऊ के चुनाव में इस बार अध्यक्ष पद के लिए मुख्य रूप से तीन प्रत्याशीयो की चर्चा हो रही हैं जिसमें श्री ज्योति सिक्का ,पंडित एस चन्द्रा व आईपी सिंह यादव प्रमुख रूप से लड़ाई में नजर आ रहे हैं ग़ौरतलब है कि पंडित चंद्र पिछली बार के रनर रहे हैं और बहुत ही कम वोट से विजई प्रत्याशी से पीछे रहे थे । इस बार हर जाति व वर्ग में पंडित एस चन्द्रा का प्रभाव दिखाई पड़ रहा है पंडित चन्द्रा लगातार लोगों से जनसंपर्क कर अपनी दावेदारी को मजबूत कर रहे हैं तो वहीं ज्योति सिक्का व आई पी सिंह यादव भी अपने-अपने गुणा भाग में लगे हुए हैं और चुनाव जीतने की पुरजोर कोशिश कर रहे हैं । जीत हार का पता तो 29 जुलाई के बाद चलेगा किंतु पिछली कई वर्षों का रिकॉर्ड रहा है कि रनर प्रत्याशी अगर दमदार है तो उसी ने विजय प्राप्त की है पंडित एस चन्द्रा को अपने कुशल व्यवहार ,अपने संबंधों व मेहनत के साथ-साथ रनर होने का भी फायदा मिलता सीधे तौर पर दिखाई पड़ रहा है । बात करें उपाध्यक्ष पद पर तो उपाध्यक्ष (मध्य)पर लड़ तो कई प्रत्याशी रहे हैं लेकिन लोगों के बीच चर्चा आलोक श्रीवास्तव ,राहुल सिंह, विनीत पांडे की ज्यादा हो रही है आलोक श्रीवास्तव को अपने स्वभाव व मेहनत के साथ-साथ रनर होने का भी लाभ मिल रहा है । उपाध्यक्ष (वरिष्ठ) पद पर वैसे तो कई प्रत्याशी मैदान में अपनी- अपनी हुंकार भर रहे हैं किंतु जय हिंद सिंह राठौड़ ,दिलीप कुमार पांडे, दिलीप पांडे और शैलेंद्र शर्मा अटल मुकाबले में सभी लोगों से आगे दिख रहे हैं लोगों का मानना है कि जय हिन्द सिंह राठौड़ का चुनाव संचालन उन्हें जीत की ओर अग्रसर कर सकता है ।महासचिव पद पर कांटे की टक्कर होती हुई दिखाई पड़ रही है आलोक मिश्रा ,ओपी तिवारी दिलीप पांडे और बालकेश्वर श्रीवास्तव लड़ाई में बने हुए हैं ।बालकेश्वर श्रीवास्तव पिछली बार रनर रह चुके हैं जिससे इस चुनाव में उनको अन्य प्रत्याशियों की अपेक्षा बढ़त मिलती हुई प्रतीत हो रही है । संयुक्त सचिव पद पर राम बरन सिंह रैकवार और धर्मेंद्र मिश्रा सीधी लड़ाई में बने हुए दिख रहे हैं ,तो कोषाध्यक्ष पद पर राजेंद्र सिंह, अंगद विश्वकर्मा और आलोक त्रिपाठी आपस में एक दूसरे से आगे निकलने की लिए भी तोड़ मेहनत करते हुए नजर आ रहे हैं।
चुनाव परिणाम चाहे जिसके पक्ष में आए लेकिन सभी पदों के प्रत्याशी अपने लाभ लश्कर के साथ परिणाम अपने पक्ष में करने में जुटे नजर आ रहे है ।



नवागत परीक्षा नियंत्रक ने ग्रहण किया कार्यभार

डॉ. राम मनोहर लोहिया विश्वविद्यालय में परीक्षा नियंत्रक के पद पर विनय कुमार सिंह ने आज पूर्वाह्न में कार्यभार ग्रहण कर लिया। नवागत परीक्षा नियंत्रक बुंदेलखंड विश्वविद्यालय झांसी में कुलसचिव के पद पर लगभग तीन वर्ष से अधिक समय तक रहे। नवागत परीक्षा नियंत्रक विनय कुमार सिंह ने हनुमानगढ़ी अयोध्या में दर्शन पूजन के उपरांत कार्यभार संभाला।

विश्वविद्यालय के कर्मचारियों और शिक्षकों ने नवागत परीक्षा नियंत्रक विनय कुमार सिंह और कुलपति का स्वागत जोरदार ढंग से किया,बताते चले कि नवागत परीक्षा नियंत्रक यह पर उप कुलसचिव रह चुके है । उनके कार्य व्यवहार की कुशलता के विश्वविद्यालय के शिक्षक और कर्मचारी मुरीद है।
कर्मचारी नेता डॉ. राजेश सिंह के नेतृत्व में उप कुलसचिव दिनेश मौर्य, सहायक कुलसचिव सत्य प्रिय सावंत, बी एन डी दूबे, डॉ. वीरेंद्र वर्मा, विष्णु यादव, डॉ आदित्य सिंह, जयशंकर मिश्र, डॉ. नीलमणि सिंह, अमरनाथ सिंह,डॉ0 नरेन्द्र बहादुर सिंह, आशुतोष पाण्डेय,प्रेम वर्मा, ज्योति सिंह एवं सरिता भास्कर सहित बड़ी संख्या में कर्मचारी गणों ने फूल मालाओं से नवागत परीक्षा नियंत्रक का भव्य स्वागत किया।


मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हनुमानगढ़ी व रामलला का किया दर्शन पूजन
प्राण प्रतिष्ठा वैदिक विधि विधान से सम्पन्न


हनुमानगढ़ी व रामलला के दर्शन पूजन के उपरांत प्रथम तल पर निर्मित रामदरबार की प्राण प्रतिष्ठा में शामिल हुये मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ
मा0 मुख्यमंत्री ने मुख्य मंदिर परिसर के प्रथम तल में राम दरबार के अतिरिक्त 06 मंदिरों में विराजमान किये गये भगवान की मूर्तियों की प्राण प्रतिष्ठा
मुख्यमंत्री जी अयोध्या में सरयू महोत्सव, नगर निगम के वर्तमान बोर्ड के दो वर्ष पूर्ण होने पर आयोजित कार्यक्रम में हुये शामिल
पुष्प वाटिका में त्रिवेणी वृक्ष का किया पौधारोपण और हर व्यक्ति से एक वृक्ष मां के नाम लगाने की अपील की
डॉ0 नरेन्द्र बहादुर सिंह

अयोध्या 05 जून 2025 । मा0 मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश श्री योगी आदित्यनाथ जी के एक दिवसीय जनपद अयोध्या भ्रमण कार्यक्रम के तहत उनका आगमन रामकथा पार्क अयोध्या हेलीपैड पर हुआ, जहां मा0 कृषि मंत्री/प्रभारी मंत्री अयोध्या श्री सूर्य प्रताप शाही जी, महापौर अयोध्या महंत गिरीश पति त्रिपाठी, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती रोली सिंह, अयोध्या विधायक श्री वेद प्रकाश गुप्ता, विधायक रूदौली श्री रामचन्द्र यादव, विधायक बीकापुर डा0 अमित सिंह चौहान, विधायक मिल्कीपुर श्री चन्द्रभानु पासवान व गोसाईगंज विधायक श्री अभय सिंह एवं वरिष्ठ अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। तत्पश्चात मा0 मुख्यमंत्री जी श्री हनुमानगढ़ी पहुंचे जहां विधि विधान से दर्शन पूजन किया और उसके बाद मा0 मुख्यमंत्री जी का श्री राम जन्मभूमि परिसर में आगमन हुआ, जहां उन्होंने प्रभु श्रीरामलला की विधिवत पूजा की एवं उनकी आरती उतारी। तत्पश्चात प्रथम तल पर नवनिर्मित राम दरबार की प्राण प्रतिष्ठा में शामिल हुये।
मा0 मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी ने श्रीराम जन्मभूमि परिसर मंदिर के प्रथम तल पर स्थापित राम दरबार में आयोजित प्राण प्रतिष्ठा समारोह में माता जानकी के साथ सिंहासन पर विराजमान प्रभु श्रीराम एवं उनके भ्राता भरत, लक्ष्मण व शत्रुहन के साथ बजरंग बली महाराज की प्राण प्रतिष्ठा वैदिक विधि विधान से सम्पन्न किया गया। इसके साथ साथ मा0 मुख्यमंत्री जी ने श्री रामलला मंदिर के मुख्य परिसर में स्थित 06 मंदिरों में विराजमान किये गये विभिन्न देव की प्राण प्रतिष्ठा सम्पन्न हुई। इन सभी मंदिरों में प्राण प्रतिष्ठा समारोह वैदिक रीति से सम्पन्न हुआ, जिसमें मा0 मुख्यमंत्री जी शामिल हुये। त्रिदिवसीय समारोह के अंतिम दिन प्रातः साढ़े 6 बजे से यज्ञमंडप में पूजन प्रारम्भ हुआ। प्राण प्रतिष्ठा के दौरान श्रीराम जन्मभ्ूामि तीर्थ क्षेत्र न्यास के महासचिव श्री चम्पत राय, स्वामी गोविन्द देव गिरि महाराज, डा0 अनिल मिश्रा, श्री गोपाल जी सहित अन्य गणमान्य मौजूद रहे।
मा0 मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम के पश्चात चौधरी चरण सिंह घाट पर बनाये गये पुष्प वाटिका में विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर एक पेड़ मां के नाम अभियान के अन्तर्गत त्रिवेणी वृक्ष का पौधरोपण किया तथा पुष्प वाटिका में लगाये गये पेड़ पौधों का अवलोकन किया।

इसके बाद मा0 मुख्यमंत्री जी का आगमन रामकथा पार्क में आयोजित अयोध्या नगर निगम के वर्तमान बोर्ड के 02 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम स्थल पर आगमन हुआ, जहां उन्होंने प्रदर्शनी का अवलोकन किया और इसके बाद मंच पर पहुंचे जहां मा0 महापौर अयोध्या महंत गिरीशपति त्रिपाठी जी ने उनका स्वागत किया। कार्यक्रम के दौरान मा0 मुख्यमंत्री जी ने नगर निगम के लगभग 30 करोड़ की 50 परियोजनाओं का लोकार्पण एवं लगभग 33 करोड़ के 92 परियोजनाओं का शिलान्यास किया एवं नगर निगम द्वारा किये गये विकास की कहानियांे पर आधारित सेवा के अद्भुत 02 वर्ष नामक पुस्तक का विमोचन तथा 03 महिला कर्मचारियों को सम्मानित करते हुये प्रशस्त्रि पत्र दिया गया एवं नगर निगम पर तैयार की गयी एक लघु फिल्म को अवलोकित किया गया।
मा0 मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुये कहा कि ये हमारा सौभाग्य है कि आज गंगा दशहरा और मां सरयू महोत्सव के आयोजन के साथ ही अयोध्या से जुड़े हुये कार्यक्रमों को एक साथ जोड़ने का सौभाग्य प्राप्त हो रहा है। उन्होंने नगर निगम अयोध्या के महापौर जी व पार्षद गणों तथा अधिकारियों को 02 वर्ष सफल पूर्ण होने पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि आज का दिन बहुत महत्वपूर्ण दिन है अयोध्या धाम में 22 जनवरी 2024 को प्रधानमंत्री मोदी जी के नेतृत्व में मर्यादा पुरूषोत्तम प्रभु श्रीरामलला के प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम सम्पन्न हुआ था। भारत का पुर्नवैभव देश के यशस्वी प्रधानमंत्री जी के कर कमलों से अयोध्या धाम में पुर्नस्थापित हुये थे और आज उसी की अगली कड़ी श्रीराम रामजन्मभूमि अयोध्या धाम में भव्य राम दरबार की प्राण प्रतिष्ठा का कार्यक्रम सम्पन्न हुआ। उन्होंने इस पावन मौके पर अयोध्या एवं प्रदेशवासियों को और देश व दुनिया में निवास करने वाले सभी सनातन धर्मावल्वियों को इस अवसर पर हृदय से बधाई दी और श्रीराम जन्मभूमि मंदिर ट्रस्ट से जुड़े हुये सभी पदाधिकारियों का हृदय से अभिनन्दन करते हुये प्रधानमंत्री जी के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर मा0 प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी द्वारा एक पेड़ मां के नाम अभियान आज से शुरू किया गया है, जिसका उद्देश्य है कि प्रत्येक व्यक्ति एक पौधा अपनी मां के नाम अवश्य लगाये और उसकी देख भाल मां की तरह करें। इससे पर्यावरण का संकट हमारे देश से दूर होगा। हम पर्यावरण को क्षति न पहुंचाये उन नियमों का पालन करें, जो पर्यावरण भी शासन प्रशासन समय समय पर इसे लागू करने का कार्य करता है और आज मेरा सौभाग्य है कि वन विभाग के सहयोग से प्रातःकालीन सत्र में मुझे लखनऊ में बेल का पेड़ लगाने का सौभाग्य प्राप्त हुआ था और अभी मां सरयू के तट पर मुझे पुष्प वाटिका में पीपल, पाकड़, नीम के पौधे लगाने के आयोजन के साथ भागीदार बनने का अवसर प्राप्त हुआ। उन्होंने कहा कि 23 जून को कार्यक्रम एक देश में एक प्रधान, एक विधान, एक निशान ही रहेगा और यह उद्घोष भारत माता के महान सपूत श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने 1950-53 के बीच में उन्होंने उद्घोषणा की थी। उन्होंने विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर अपील की है कि आप भी एक पेड़ मां के नाम जरूर लगाये।
मा0 मुख्यमंत्री जी ने कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुये कहा कि अयोध्या में हर तरफ मठ मंदिरों का सौन्दर्यीकरण का कार्य हो, चाहे वह सूर्यकुण्ड हो या गुप्तारघाट या नयाघाट हो या राम जी की पैड़ी एक नये रूप में दुनिया को आकर्षित कर रही है। उन्होंने कहा कि अयोध्यावासी जिला प्रशासन के साथ मिल करके सभी जनप्रतिनिधि अयोध्या धाम की भी किसी नदी को पुर्नजीवित करें और वृक्षारोपण के बड़े कार्यक्रम को इस बार अयोध्या धाम में भी किये जाने की आवश्यकता है जैसे अभी पुष्प वाटिका में वृक्षरोपण किया गया। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण कार्यक्रम को गुप्तारघाट से लेकर नयाघाट तक तटबंध के दूसरी ओर हम व्यापक वृक्षारोपण की ओर जुड़ सकते है। नयी अयोध्या के रूप में जो विस्तार हो रहा है उस क्षेत्र में हमें वृक्षारोपण कार्यक्रम के साथ जुड़ना चाहिए। इस मौके पर कार्यक्रम में मा0 कृषि मंत्री/प्रभारी मंत्री अयोध्या श्री सूर्य प्रताप शाही जी, मा0 वन्य जीवजन्तु विभाग के मंत्री डा0 अरूण कुमार, महापौर अयोध्या महंत गिरीश पति त्रिपाठी, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती रोली सिंह, अयोध्या विधायक श्री वेद प्रकाश गुप्ता, विधायक रूदौली श्री रामचन्द्र यादव, विधायक बीकापुर डा0 अमित सिंह चौहान, विधायक मिल्कीपुर श्री चन्द्रभानु पासवान व गोसाईगंज विधायक श्री अभय सिंह, जिलाध्यक्ष श्री संजीव सिंह, महानगर अध्यक्ष श्री कमलेश श्रीवास्तव व अयोध्या धाम से जुड़े अन्य लोग उपस्थित रहे।
मा0 मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी का रामकथा पार्क में आयोजित कार्यक्रम की समाप्ति के पश्चात राम की पैड़ी पर आयोजित 13वें सरयू जयंती महोत्सव कार्यक्रम का शुभारम्भ किया गया और अपने उद्बोधन में मा0 जनप्रतिनिधियों एवं पूज्य संतों एवं महंतों का अभिवादन किया और कहा कि आज का दिन अत्यंत महत्वपूर्ण दिन है। गत वर्ष 22 जनवरी 2024 को देश के यशस्वी प्रधानमंत्री मोदी जी के करकमलों से अयोध्या धाम में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा का भव्य कार्यक्रम सम्पन्न हुआ और आज गंगा दशहरा के इस पावन पर्व पर पूज्य संतों की उपस्थिति में इसी कड़ी की अग्रिम महत्वपूर्ण कड़ी श्रीराम दरबार के भव्य प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्र्रम श्रीराम जन्मभूमि में सम्पन्न हुआ है इसके लिए अयोध्यावासियों, प्रदेशवासियों व देश-दुनिया के सभी सनातन धर्मावल्वियों को हृदय से बधाई दी। उन्होंने मां सरयू के महत्व पर प्रकाश डालते हुये कहा कि भगवान राम ने अयोध्या का जिक्र करते हुये मां सरयू का नाम लिया था। सरयू अयोध्या की आत्मा है और इसका संरक्षण हमारे जिम्मे रहेगा। उन्होंने कहा कि याद करिये मां सरयू से भगवान राम का जो संवाद व सम्बंध रहा है वह हर व्यक्ति जानता है अयोध्या का संबोधन, अयोध्या की पहचान भी उन्होंने मां सरयू से ली। सरयू महोत्सव शुभारम्भ के अवसर मा0 जनप्रतिनिधिगण एवं जगतगुरू स्वामी संतोषाचार्य जी महाराज सठुआ बाबा, महंत श्री अवधेश दास जी महाराज, महंत श्री रामशरण दास जी महाराज, महंत श्री राजकुमार दास जी महाराज, अयोध्या धाम के महापौर महंत गिरीश पति त्रिपाठी, महंत श्री मिथिलेश नन्दन शरण जी महाराज, महंत श्रीराम दास जी महाराज, महंत श्री गिरीश दास जी महाराज, महंत श्री वैदेही शरण जी महाराज तथा कार्यक्रम के संयोजक महंत श्री शशिकांत जी महाराज, महंत श्री गौरीशंकर दास जी महाराज, महंत श्री रामजी शरण जी महाराज, सरयू महोत्सव के सभी पदाधिकारी व अयोध्या के सभी गणमान्य साधु संत उपस्थित रहे।


मा0 मुख्यमंत्री जी महंत नृत्यगोपाल दास जी के 87वें जन्मोत्सव कार्यक्रम में हुये सम्मिलित


चतुर्थ बड़े मंगल पर भव्य विशाल भंडारे का आयोजन ।
पूर्व सांसद, नगर विधायक सहित जिले के वरिष्ठ भाजपा नेताओ व वरिष्ठ पत्रकारों ने की शिरकत

जनाभास, अयोध्या। आज सिविल लाइन खपराडीह कोठी में बड़े मंगल पर भव्य भंडारे का आयोजन किया गया । भंडारे में पूर्व सांसद लल्लू सिंह ने हनुमान जी की फोटो पर विधिवत पूजन,माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन करके भंडारे का शुभारंभ किया। भंडारे में आए हुए सभी अतिथियों का स्वागत वरिष्ठ पत्रकार डॉ० नरेन्द्र बहादुर सिंह ने रामनामी पहना कर किया।पूर्व महानगर अध्यक्ष अभिषेक मिश्रा , जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि आलोक कुमार सिंह रोहित,भाजपा जिला प्रवक्ता दिवाकर सिंह,वरिष्ठ नेता इंद्र भान सिंह,राजेश सिंह, प्रेस क्लब के सचिव जय प्रकाश सिंह, उप सचिव प्रदीप पाठक, वरिष्ठ पत्रकार जय प्रकाश गुप्ता ने सांसद के साथ भंडारे का शुभारंभ किया। भंडारे में नगर विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने भी पूजन और माल्यार्पण कर प्रसाद ग्रहण किया।सांसद ने हनुमान जी से कामना की कि पूरे देश में सभी खुशहाल रहे। जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि आलोक कुमार सिंह रोहित ने इस प्रकार के आयोजन को सनातन और धर्म के लिए आवश्यक बताया। भंडारे में कई विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उप श्रम आयुक्त,उप क्षेत्रीय वनाधिकारी, कृषि विभाग के प्रशासनिक अधिकारी संजय भल्ला, वरिष्ठ लेखाधिकारी आदि मौजूद रहे।कार्यकारी जिला अध्यक्ष माध्यमिक शिक्षक संघ तहसीलदार सिंह, वरिष्ठ उपाध्यक्ष सतीश सिंह, हाईकोर्ट के स्टैंडिंग काउंसिल विजय विक्रम सिंह, सर्वेंद्र विक्रम सिंह, विनय कटियार बंसी लाल आदि मौजूद रहे। इस भंडारे का आयोजन उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष वीरेन्द्र बहादुर सिंह ने किया था।


शैक्षणिक सत्र 2025-26 में चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी, यूपी इंडस्ट्री कोलैबोरेटेड 15 प्रोग्राम के साथ साथ कुल 50 प्रोग्राम की करेगा पेशकश
अपने शैक्षणिक सत्र की शुरुआत से पहले ही चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी, यूपी ने अपने कोर्स में एआई को किया शामिल, पहले दिन से ही इंडस्ट्री रेडी वर्कफोर्स तैयार करेगी चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी- प्रो. डॉ थीपेंद्र पी सिंह, प्रो वाइस चांसलर चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी, यूपी
माइक्रोसॉफ्ट ने चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी यूपी के पहले बैच के छात्रों के लिए माइक्रोसॉफ्ट एआई बूट कैंप का किया आयोजन 300 से अधिक छात्रों ने लिया भाग
अयोध्या, 30 मई: क्यूएस एशिया रैंकिंग के अनुसार भारत की नंबर वन प्राइवेट यूनिवर्सिटी का दर्जा रखने वाली चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी ने लखनऊ में भारत के पहले एआई-सपोर्टेड निजी कैंपस की स्थापना की है। जहां छात्र-छात्राओं को छह मेन स्ट्रीम्स जिनमें इंजीनियरिंग, बिजनेस, हेल्थ और लाइफ साइंसेज, ह्यूमैनिटीज, लिबरल आर्ट्स समेत लीगल स्टडीज – में कुल 50 फ्यूचर-ओरिएंटेड, इंडस्ट्री कोलैबोरेटेड ग्रेजुएट व पोस्टग्रेजुएट प्रोग्राम्स का लाभ मिलेगा, जो सभी एआई सपोर्टेड होंगे। वहीं टॉप एआई कंपनी रैबिट एआई द्वारा 5 सेंटर ऑफ़ एक्सीलेंस की स्थापना होगी। रैबिट एआई द्वारा भारत में पहली बार किसी प्राइवेट यूनिवर्सिटी में सेंटर ऑफ़ एक्सीलेंस की स्थापना की जा रही है। यह जानकारी चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी यूपी के प्रो वाइस चांसलर प्रो. डॉ थिपेंद्र पी सिंह और रिजस्ट्रार डॉ अजय यादव ने अयोध्या में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान दी।
इस दौरान चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी उत्तर प्रदेश ने अपने एडमिशन और स्कॉलरशिप पोर्टल, सीयूसीईटी 2025 को लॉन्च किया। इस दौरान प्रोफेसर डॉ अजय यादव ने बताया कि सीयूसीईटी 2025 के तहत कुल 40 करोड़ रुपये की स्कॉलरशिप वितरित की जाएगी, जो मेधावी एवं आर्थिक रूप से कमजोर छात्रों को नई तकनीकों के क्षेत्र में उच्च शिक्षा प्राप्त करने में सहायता करेगी। यह स्कॉलरशिप चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी उत्तर प्रदेश में पढ़ने वाले छात्रों के लिए उपलब्ध है। साथ ही, उन्होंने कहा कि वैज्ञानिक अनुसंधान में करियर बनाने वाले छात्रों के लिए 3 करोड़ रुपये की अतिरिक्त ‘सीवी रमन स्कॉलरशिप’ भी दी जाएगी।
उन्होंने बताया की 2025-26 शैक्षणिक सत्र के लिए सीयूसीईटी 2025 पोर्टल (https://cucet.cuchd.in) एडमिशन और पंजीकरण के लिए खुल चुका है। इच्छुक छात्र अधिक जानकारी के लिए आधिकारिक वेबसाइट देख सकते हैं या यूनिवर्सिटी की टोल-फ्री हेल्पलाइन 18002701411 पर भी संपर्क कर सकते हैं।
उन्होंने यह भी बताया कि चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी उत्तर प्रदेश को यूजीसी से मान्यता मिल चुकी है और इसे उत्तर प्रदेश की राज्य सार्वजनिक विश्वविद्यालयों की सूची में भी शामिल किया गया है। लगभग 2500 करोड़ रुपये की लागत से बनी यह यूनिवर्सिटी आगामी 2025-26 शैक्षणिक सत्र से अपनी शिक्षा सेवाएं प्रदान करेगी।
इस अवसर पर यूनिवर्सिटी के प्रो वाइस चांसलर प्रोफेसर डॉ. थिपेंद्र पी. सिंह और रजिस्ट्रार डॉ अजय यादव मौजूद रहे।
प्रो वाइस चांसलर प्रोफेसर डॉ. थिपेंद्र पी. सिंह ने बताया कि 100 से अधिक इंडस्ट्री के सीईओ और वाइस प्रेसिडेंट्स के साथ मिलकर यूनिवर्सिटी का कॉरपोरेट एडवाइजरी बोर्ड सीएबी बनाया गया है, जो इंडस्ट्री की जरूरतों के अनुसार पाठ्यक्रम तैयार करने में मदद कर रहा है। उन्होंने बताया कि यूनिवर्सिटी ने माइक्रोसॉफ्ट, गूगल, आईबीएम, एसएएस, केपीएमजी, पीडब्ल्यूसी, रैबिट एआई, क्विक हील समेत भारत और विश्व की 23 से अधिक बड़ी कंपनियों के साथ एमओयू किए हैं। इनके तहत एआई और मशीन लर्निंग, साइबर सुरक्षा, क्लाउड कम्प्यूटिंग, डेटा साइंस, डेटा एनालिटिक्स, और फिनटेक जैसी आधुनिक तकनीकों पर आधारित 15 इंडस्ट्री-कॉलेबरेटिव प्रोग्राम शुरू किए जाएंगे।
हाल ही में चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी उत्तर प्रदेश के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि तब हासिल हुई जब माइक्रोसॉफ्ट ने यूनिवर्सिटी के नए कैंपस में पहला एआई बूटकैम्प आयोजित किया। इस बूटकैम्प में इंजीनियरिंग, बिजनेस और कंप्यूटर एप्लिकेशन के 300 से अधिक छात्रों ने भाग लिया और एआई से जुड़ी उन्नत तकनीकों पर प्रैक्टिकल अनुभव प्राप्त किया। यह बूटकैम्प यूनिवर्सिटी की इंडस्ट्री-फोकस्ड और प्रैक्टिकल शिक्षा नीति की मजबूत शुरुआत साबित हुआ।
डॉ अजय यादव ने कहा कि सीयू उत्तर प्रदेश राज्य की पहली यूनिवर्सिटी है जो गूगल के साथ मिलकर बी.टेक इन क्लाउड कम्प्यूटिंग और डेटा साइंस, माइक्रोसॉफ्ट के साथ बी.टेक (सीएसई) इन एआई और एमएल, तथा क्विक हील के सहयोग से बी.टेक इन साइबर सिक्योरिटी जैसे आधुनिक कोर्स चला रही है। इसके अलावा यूनिवर्सिटी एसएएस के साथ मिलकर एमसीए इन एआई और एमएल और बीसीए इन डेटा साइंस भी ऑफर कर रही है।
बिजनेस शिक्षा के क्षेत्र में, यूनिवर्सिटी एमबीए इन बिजनेस एनालिटिक्स (आईबीएम और केपीएमजी के साथ), एमबीए इन एप्लाइड फाइनेंस (पीडब्ल्यूसी के साथ), और एमबीए इन डेटा साइंस और एआई (एसएएस के साथ) कोर्स संचालित कर रही है। इसके अतिरिक्त, एमबीए इन फिनटेक एनएसई एकेडमी के साथ, बीबीए इन फिनटेक और बी.कॉम विद एसीसीए ग्रांट थॉर्नटन जैसी प्रतिष्ठित अकाउंटिंग फर्म के सहयोग से चलाए जा रहे हैं।
यह सभी प्रोग्राम इस तरह से तैयार किए गए हैं कि छात्रों को न केवल गारंटीड कैंपस प्लेसमेंट मिले, बल्कि उन्हें इंडस्ट्री प्रोजेक्ट्स का लाइव अनुभव, उच्च स्तरीय रिसर्च सुविधाएं और एआई आधारित प्रशिक्षण भी प्राप्त हो सके। इसके लिए यूनिवर्सिटी में विशेष सेंटर ऑफ एक्सीलेंस भी स्थापित किए गए हैं।


बहराइच नगर पालिका सभागार में 1 जून को होगा अंतरराष्ट्रीय पत्रकार सम्मेलन 2025
कई मायनों में महत्वपूर्ण होगा पत्रकारों का यह समागम
बहराइच। अर्न्तराष्ट्रीय पत्रकार सम्मेलन-2025 का आयोजन 01 जून दिन रविवार, समय प्रात : 10:00 बजे नगर पालिका परिषद बहराइच के सभागार में आयोजित किया जा रहा है,
इस अवसर पर एक विचार संगोष्ठी का आयोजन किया गया है इसके अलावा लघु हास्य व्यंग कवि सम्मेलन एवं जिले की प्रख्यात विभूतियों के नाम अलंकरण पत्र वितरण किया जाएगा जिसमे देश,विदेश सहित विभिन्न प्रदेशों के विभिन्न जिलों से पत्रकार बन्धु उपस्थित होंगे,
आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता हेमन्त तिवारी अध्यक्ष उ.प्र. राज्य मान्यता प्राप्त संवाददाता समिति व नेता बृजभूषण शरण सिंह जी पूर्व सदस्य लोकसभा मुख्य अतिथि ,व विशिष्ठ अतिथि श्रीमती डा. प्रज्ञा त्रिपाठी जी एम.एल.सी. बहराइच/श्रावस्ती,सुभाष त्रिपाठी विधायक पयागपुर, राम निवास वर्मा विधायक नानपारा,रजा हुसैन रिजवी पूर्व सदस्य प्रेस काउंसिल आफ इन्डिया,आलोक त्रिपाठी कोषाध्यक्ष उ.प्र. रा. मान्यता प्राप्त संवाददाता समिति,अब्दुल वहीद प्रदेश महामंत्री उ.प्र. जिला मान्यता प्राप्त पत्रकार एसो०,राम नयन सिंह आई.पी.एस. पुलिस अधीक्षक बहराइच,श्याम करण टेकड़ीवाल अध्यक्ष प्रतिनिधि नगर पालिका परिषद बहराइच होंगे ।
वही बतौर अर्न्तराष्ट्रीय अतिथि पूर्ण लाल चुके पूर्व सदस्य प्रेस काउंसिल आफ नेपाल,हरिहर सिंह राठौर वरि० मख० नेपाल फोटो प्रकार महासंघ,सिराज खान परि० पत्रकार केन्द्रीय सचिव प्रेस सेन्टर नेपाल,डा० डक्ट प्रसाद धिताल वतिः पत्रकार नेपाल के अलावा बतौर संपादकीय प्रतिनिधि अब्दुल अजीज सिद्दीकी चेयरमैन उ.प्र. जिला मान्यता प्राप्त पत्रकार एसो०,संजय अग्रवाल कोषाध्यक्ष,जुबैर अहमद सचिव,आलोक यादव संपादक,राहुल यादव संपादक होंगे जिसमे समस्त पत्रकार साथियो को सादर आमंत्रित किया जाता है आयोजित कार्यक्रम के आयोजन कर्ता आनन्द प्रकाश गुप्ता जिलाध्यक्ष-बहराइच ,मेजर डॉ. एस.पी. सिंह कार्यक्रम संरक्षक
,शादाब हुसैन मण्डल अध्यक्ष के साथ उ.प्र. ज़िला मान्यता प्राप्त पत्रकार एसोसिएशन, बहराइच की पूरी टीम का विशेष सहयोग का प्रयास से हो रहा है

पीड़ित फरियादियों की सुनवाई के लिए एस एस पी डॉ गौरव ग्रोवर ने जारी किया पर्ची व्यवस्था
अयोध्या।
अयोध्या में पीड़ित फरियादियो के लिए शुरू हुई जनसुनवाई पर्ची। एसएसपी कार्यालय में अब फरियादियों के लिए जनसुनवाई की दी जा रही पर्ची।कंप्यूटर में फीड हो रहा फरियादियों का ब्योरा।एसएसडीपी डॉक्टर गौरव ग्रोवर ने गोरखपुर की तर्ज पर अयोध्या में भी शुरू किया जनसुनवाई। थाने में भी कटेगी जनसुनवाई की पर्ची।किसी भी समय फरियादी कार्यालय पहुंचकर अपने समस्याओं की ले सकता है जानकारी। समयबद्ध व गुणवत्तापूर्वक होगी सुनवाई। कहा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉक्टर गौरव ग्रोवर ने। अब फरियादियों को न्याय पाने के भटकना नही पड़ेगा और घर बैठे ही ऑनलाइन पर्ची से कार्यवाही का जवाब भी मिल जाएगा
पीड़ित फरियादियों की सुनवाई के लिए एस एस पी डॉ गौरव ग्रोवर ने जारी किया पर्ची व्यवस्था


लखनऊ। उत्तर प्रदेश में जल जीवन मिशन के कार्यों में लापरवाही बरतने पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सख्त रुख अपनाया है। 183 अफसरों और कर्मचारियों पर कार्रवाई की गई हैं। जिनमें 122 अधिकारियों पर अनुशासनिक जांच, 55 को प्रतिकूल प्रविष्टि, 6 को निलंबित किया गया है।
07 मुख्य अभियंताओं पर जांच, 04 को प्रतिकूल प्रविष्टि
59 अधिशासी अभियंताओं पर जांच, 44 को प्रतिकूल प्रविष्टि, 04 निलंबन
32 सहायक अभियंताओं पर जांच, 02 निलंबन
19 अवर अभियंताओं पर अनुशासनिक जांच
“योजनाओं में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।”
CM योगी ने कहा कि हर घर तक समय पर और गुणवत्ता युक्त शुद्ध पेयजल पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है, और इसके लिए पारदर्शी व कड़ी कार्यवाही जारी रहेगी।
उत्तर प्रदेश जल जीवन मिशन के तहत सबसे अधिक नल कनेक्शन देने वाला देश का पहला राज्य बन गया है।

मुख्यमंत्री ने पंचायतीराज विभाग की समीक्षा बैठक की
मुख्यमंत्री बोले- ग्राम पंचायतें आत्मनिर्भर होंगी तो प्रदेश के ग्रोथ में और तेजी आएगी
मुख्यमंत्री ने कहा- ग्राम सचिवालय को नीति आयोग ने एक मॉडल माना है
मुख्यमंत्री बोले- पंचायत भवनों को ग्राम सचिवालय के नाम से संबोधित करें
मुख्यमंत्री ने कहा- गांवों में तालाबों को 3 से 5 वर्षों के लिए पट्टे पर दिया जाए
मुख्यमंत्री ने कहा- ग्राम सहायकों को 15 दिन की कंप्यूटर की ट्रेनिंग दी जाए
लखनऊ, 15 मई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पंचायती राज विभाग की समीक्षा बैठक में ग्राम पंचायतों को आत्मनिर्भर और तकनीकी रूप से सक्षम बनाने के लिए राज्य सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ग्राम सचिवालय की अवधारणा को नीति आयोग ने एक मॉडल के रूप में स्वीकार किया है। अतः प्रदेश के सभी पंचायत भवनों को अब ग्राम सचिवालय के नाम से संबोधित किया जाए। यह पंचायतीराज व्यवस्था को नई पहचान देने वाला परिवर्तन है। साथ ही उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायतें के कार्यों में पारदर्शिता को बढ़ावा दें।
प्रदेश के सतत विकास का आधार बनेंगी ग्राम पंचायतें
मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्राम पंचायतों की आत्मनिर्भरता ही प्रदेश के सतत विकास का आधार बनेगी। इसके लिए ग्राम स्तर पर कार्यरत सभी व्यवस्थाओं को सशक्त, पारदर्शी और तकनीकी रूप से सक्षम बनाना आवश्यक है। सरकार इसी दिशा में मिशन मोड में कार्य कर रही है।
ग्राम सचिवालय क्रांतिकारी प्रयास
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की 57,695 ग्राम पंचायतों में ग्राम सचिवालय की स्थापना हो चुकी है, जो लोकतंत्र की अवधारणा को धरातल पर साकार करने की दिशा में एक क्रांतिकारी पहल है। उन्होंने निर्देश दिए कि इन सचिवालयों में स्थापित कंप्यूटरों के माध्यम से पंचायत गेटवे पोर्टल से जुड़ी समस्त धनराशियों का भुगतान हो, जिससे पारदर्शिता और उत्तरदायित्व सुनिश्चित हो।
डिजिटल पहलों की सराहना की
मुख्यमंत्री ने राज्य स्तरीय कॉल सेंटर, ऑनलाइन उपस्थिति प्रणाली, 10-सीटर कॉल सेंटर की स्थापना, ग्राम सचिवालय की जियोफेंसिंग और इंटरनेट कॉलिंग जैसी डिजिटल पहलों की सराहना करते हुए निर्देश दिए कि ग्राम सहायकों को 15 दिवसीय कंप्यूटर प्रशिक्षण अनिवार्य रूप से दिया जाए। साथ ही ग्राम पंचायतों, क्षेत्र पंचायतों एवं जिला पंचायतों के कार्यों की निगरानी के लिए इन डिजिटल प्लेटफॉर्म्स का अधिकतम उपयोग हो।
प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण और ग्राम संस्कृति का संवर्धन
मुख्यमंत्री ने अमृत सरोवरों के रखरखाव, वृक्षारोपण और सार्वजनिक कार्यक्रमों के आयोजन में ग्राम पंचायतों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि दौरान ड्रेनेज का पानी अमृत सरोवर या अन्य तालाबों में न पहुंचे। इसके लिए गांव के बाहर उचित निकासी की व्यवस्था की सुनिश्चित की जाए। तालाबों के पट्टे आवंटित करने की प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से संपन्न की जाए और तालाबों को 3 से 5 वर्षों के लिए पट्टे पर दिया जाए और उससे प्राप्त राजस्व का उपयोग ग्राम विकास में किया जाए। उन्होंने निर्देशित करते हुए कहा कि तालाब आवंटन, रखरखाव और उनके उपयोग के लिए पंचायती राज विभाग, राजस्व विभाग और मत्स्य विभाग को समन्वित कार्य योजना एक निश्चित बनाएं।
समय पर हो तालाबों की डिसिल्टिंग
मुख्यमंत्री ने कहा कि तालाब केवल जल स्रोत नहीं, बल्कि ग्राम्य संस्कृति के वाहक हैं। उनकी डिसिल्टिंग समय रहते कर ली जाए। रेन वाटर हार्वेस्टिंग की व्यवस्था ग्राम सचिवालय, आंगनबाड़ी केंद्रों व प्राथमिक विद्यालयों में अनिवार्य रूप से हो।
ग्रामीण स्वच्छता को प्राथमिकता
मुख्यमंत्री ने ग्रामीण स्वच्छता को प्राथमिकता देते हुए कहा कि सामुदायिक शौचालयों की नियमित सफाई और देखरेख सुनिश्चित हो तथा संबंधित कर्मचारियों को समय पर मानदेय दिया जाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश के 96,171 राजस्व ग्रामों में से 90,891 ग्राम ओडीएफ प्लस घोषित हो चुके हैं। शेष ग्रामों को शीघ्रता से इस स्थिति में लाया जाए। मुख्यमंत्री ने ग्रामीण क्षेत्रों में सिंगल यूज़ प्लास्टिक के पूर्ण प्रतिबंध को प्रभावी ढंग से लागू करने तथा प्लास्टिक प्रबंधन इकाइयों के समयबद्ध निर्माण के निर्देश दिए। इस संबंध में अधिकारियों ने उन्हें अवगत कराया कि 150 प्रस्तावित इकाइयों में से 89 पूर्ण हो चुकी हैं, जबकि 33 निर्माणाधीन हैं, जिन्हें समयबद्ध ढंग से पूर्ण कराया जा रहा है। उन्होंने गोबरधन योजना की प्रगति की जानकारी ली और अधिकारियों ने उन्हें अवगत कराया कि 75 जनपदों में से 73 में 115 गोबरधन प्लांट बनकर तैयार हो चुके हैं, जबकि शेष 2 जनपदों में 2 इकाइयां निर्माणाधीन हैं, जिन्हें शीघ्र पूर्ण कर लिया जाएगा।
गांवों में जीवन की सहजता बढ़ाने के लिए समेकित योजना
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार स्मार्ट विलेज की अवधारणा को प्राथमिकता दे रही है। इसके अंतर्गत ग्राम सचिवालय, कॉमन सर्विस सेंटर, सार्वजनिक वितरण प्रणाली की दुकानें, उत्सव भवन, पब्लिक एड्रेस सिस्टम, सीसीटीवी कैमरे और सोलर स्ट्रीट लाइट जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। इससे ग्रामीणजन के ईज ऑफ लिविंग में व्यापक सुधार आया है।
अंत्येष्टि स्थल उपयुक्त स्थान पर बनाएं जाएं
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश मातृभूमि योजना लोगों को अपनी जड़ों से जुड़ने का एक अवसर प्रदान कर रही है, इस योजना के माध्यम से लोग विकास कार्यों में कुछ धनराशि व्यय कर प्रदेश के विकास में सहभागी बन रहे हैं। इस क्षेत्र में अच्छा कार्य हो रहा है। उन्होंने कहा कि अंत्येष्टि स्थल उपयुक्त स्थल पर बनाएं जाएं ताकि अधिक से अधिक ग्रामजन के उपयोग में यह स्थल आ सकें।